मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
शेयर बाजार पर भी महँगाई की मार  Search similar articles
सेंसेक्स 517 और निफ्टी 157 अंक टूटा
महँगाई की दर के पिछले तेरह वर्ष के उच्चतम स्तर पर पहुँच जाने के समाचारों से देश के शेयर बाजार शुक्रवार को औंधे मुँह नीचे आए। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 517 अंक तथाएनएसई का निफ्टी 157 अंक लुढ़ककर इस वर्ष के न्यूनतम स्तर पर बंद हुए।

हालाँकि अमेरिका में गुरुवार को शेयर बाजार की तेजी को देखते हुए आज यहाँ बाजार ऊँचे खुले थे और महँगाई के आँकड़े जारी होने से पहले सीमित उतार-चढ़ाव का रुख था। दोपहर बारह बजे महँगाई के आँकड़े आने पर शेयर बाजार पूरी तरह से मंदे की गिरफ्त में आ गए और पूरे कारोबार के दौरान इससे उबर नहीं पाए। परमाणु मुद्दे को लेकर संप्रग सरकार और वाम दलों के बीच चल रही रस्साकसी ने भी बाजार को प्रभावित किया।

सेंसेक्स सत्र के शुरू में कल के 15087.99 अंक की तुलना में 15168.05 अंक पर मजबूत खुला और ऊँचे में 15202.01 अंक तक जाने के बाद इसके मुकाबले करीब सात सौ अंक गिरकर नीचे में 14519.27 अंक तक गिरा और समाप्ति पर कुल 3.42 प्रतिशत अर्थात 516.70 अंक टूटकर 14571.29 अंक रह गया। इस वर्ष का इससे पहले न्यूनतम स्तर 18 मार्च को 14677 था।

एनएसई का निफ्टी 156.70 अंक अर्थात 3.48 प्रतिशत के नुकसान से 4347.55 अंक रह गया। सत्र की शुरुआत में 4504.20 अंक पर मजबूत खुला निफ्टी ऊपर में 4532 अंक तथा नीचे में 4333.60 अंक तक गिरा।

महँगाई की दर 11.05 प्रतिशत पर पहुँच गई है, जो कि छह मई 1995 के बाद का सर्वाधिक है। वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने महँगाई के आँकड़े आने के बाद इसको नियंत्रित करने के लिए हरसंभव कदम उठाने की घोषणा की है। विश्लेषकों का मानना है कि महँगाई की दर में अनुमान से अधिक वृद्धि होने से रिजर्व बैंक जल्दी ही फिर कदम उठा सकता है।

बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप में भी भारी बिकवाली देखी गई। मिडकैप सूचकांक 197.74 अंक अर्थात 3.17 प्रतिशत के नुकसान से 6032.43 अंक रह गया। स्मालकैप में 7397.66 अंक पर 3.43 प्रतिशत अर्थात 262.76 अंक का नुकसान हुआ।

महँगाई का प्रभाव शेयर बाजारों पर इतना अधिक था कि बीएसई का कोई भी सूचकांक इसकी आँच से बच नहीं सका। अंकों के लिहाज से सर्वाधिक गिरावट धातु सूचकांक में 603.80 अंक की रही। इसका सूचकांक 14528.06 अंक रह गया। आइल एंड गैस सूचकांक 498.96 अंक टूटा। रियलटी में 250.79 अंक, बैंकेक्स 208.40 अंक और कैपीटल गुड्स 267.90 अंक टूटे। हेल्थकेयर, आईटी, पीएसयू, ऑटो और टैक सूचकांकों में प्रत्येक सौ अंक से अधिक नीचे रहे।
और भी
सेंसेक्स 334 अंक टूटा
बीएसई अध्यक्ष दत्ता ने इस्तीफा दिया
सेंसेक्स ने लगाया 275 अंकों का गोता
सेजाल के शेयर का दाम तय
आरकाम और एमटीएन के शेयर गिरे
सेंसेक्स ने लगाया तिहरा शतक