मुद्रास्फीति में और तेजी के समाचार का कुछ असर शुक्रवार को बाजार भी दिखा, जहाँ सेंसेक्स एक बार फिर 17000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे चला गया। तीस शेयर आधारित सेंसेक्स आज 343.58 अंक की और गिरावट आई तथा यह 16737.07 पर बंद हुआ। कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स में 863 अंक की गिरावट दर्ज की गई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी में 99.10 अंक की और गिरावट आई तथा यह 4982.60 पर बंद हुआ। कारोबारियों के अनुसार मुद्रास्फीति की दर में तेजी समाचार का असर बाजार पर दिखा। मुद्रास्फीति दर बढ़ते हुए 42 सप्ताह के उच्चतम स्तर 7.61 प्रतिशत हो गई।
यूरोपीय कारोबार में कच्चे तेल की कीमत आज 124.73 डॉलर प्रति बैरल की रिकॉर्ड ऊँचाई को छू गई। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक मंदी, कारोबार घाटे के और बढने की चिंताएँ तथा कई अन्य कारकों का असर भी बाजार पर दिखा।
चौतरफा बिकवाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एफएमसीजी को छोड़कर अन्य सभी सूचकांक मंदी में बंद हुए। बैंकिंग क्षेत्र के शेयर भी दबाव में रहे और एसबीआई एचडीएफसी एवं आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में बंद हुए।
|