बैंकिंग, आईटी, कैपीटल गुड्स, रियलटी और ऑयल एंड गैस कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से गुरुवार को लगातार चौथे दिन देश के शेयर बाजार टूटे। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 259 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 46 अंक नीचे बंद हुए।
कारोबार के दौरान शेयर बाजारों में बहुत अधिक उठा-पटक नहीं दिखी। एशियाई बाजारों से भी बहुत उत्साहवर्द्धक समाचार नहीं थे। सत्र की शुरुआत से ही बाजार में मंदी का प्रभाव था और बाजार इसकी गिरफ्त से पूरे कारोबार के दौरान बाहर नहीं निकल पाया।
सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स शुरू में गत दिवस के 17339.31 अंक की तुलना में सौ से अधिक अंक नीचे 17212.61 अंक पर खुला और इससे ऊपर नहीं उठ सका। नीचे में 17038.03 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 258.66 अंक अर्थात 1.49 प्रतिशत के नुकसान से 17080.65 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई के मझौली और लघु कंपनियों के सूचकांक भी क्रमश: 48.14 तथा 38.13 अंक नीचे आए। अन्य सूचकांकों में बैंकेक्स ने 261.43 अंक का गोता लगाया। आईटी 118.84 अंक टूटा। एफएमसीजी में 65.23 अंक निकले। रियलटी 76.88 तथा ऑयल एंड गैस 95.01 अंक नीचे आए। धातु सूचकांक में 29.43 अंक का सुधार दिखा।
एनएसई का निफ्टी सत्र की शुरुआत में 5135.80 अंक पर लगभग स्थिर खुला। सत्र में यह ऊपर में 5143.05 अंक तथा नीचे में 5062.45 अंक तक गिरने के बाद कुल 46.20 अंक अर्थात 1.05 प्रतिशत के नुकसान से 5081.70 अंक रह गया।
एशियाई शेयर बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक दो प्रतिशत ऊपर रहा, जबकि जापान का निक्केई 1.1 प्रतिशत तथा हांगकांग का हैंगसैंग 0.6 प्रतिशत नीचे आए। ऑस्ट्रेलिया का शेयर बाजार एक प्रतिशत ऊपर और ब्रिटेन का 0.6 प्रतिशत गिरावट में रहे।
बीएसई में सत्र के दौरान कुल 2746 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ और बिकवाली के चलते इसमें से 58.01 प्रतिशत अर्थात 1593 के शेयर नीचे आए, जबकि 40.13 प्रतिशत अथवा 1102 में लाभ रहा। मात्र 51 कंपनियों के शेयरों में कोई उठा-पटक नहीं थी। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में आठ लाभ तथा 22 के शेयर घाटे में रहे।
नुकसान वाली श्रेणी में सर्वाधिक गिरावट आईटीसी लिमिटेड के शेयर में 5.24 प्रतिशत रही। इसका शेयर 215.05 रुपए पर 11.90 रुपए नीचे आया। आईटी वर्ग की चौथी बड़ी सत्यम कंप्यूटर के शेयर में 471.10 रुपए पर 3.72 प्रतिशत अर्थात 18.20 रुपए निकल गए। इसी वर्ग की दूसरी बड़ी इन्फोसिस टेक में 1779.80 रुपए पर 3.44 प्रतिशत अर्थात 63.40 रुपए का घाटा हुआ। इस वर्ग की अग्रणी टीसीएस और तीसरी बड़ी विप्रो के शेयर भी नीचे थे।
एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस एनर्जी, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, जयप्रकाश एसोसिएट्स, टाटा मोटर्स, सिप्ला लिमिटेड, भेल, डीएलएफ, ओएनजीसी, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजूकी, विप्रो लिमिटेड और एचडीएफसी सेंसेक्स के नुकसान वाले बीस शेयरों में शामिल थे।
फायदे वाली श्रेणी में निजी वर्ग की अग्रणी टाटा स्टील के शेयर में 2.51 प्रतिशत की सर्वाधिक बढ़त रही। कंपनी का शेयर 20.70 रुपए बढ़कर 845.65 रुपए पर बंद हुआ। मोबाइल सेवा वर्ग की भारती एयरटेल के शेयर में 827.60 रुपए पर 1.45 प्रतिशत अर्थात 11.80 रुपए बढ़ गए।
रैनबैक्सी लैबोरेट्रीज, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, रिलायंस कम्युनीकेशंस, अम्बूजा सीमेंट और हिंडाल्को के शेयर भी फायदे में रहे।
|