देश के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक की इस वर्ष जनवरी के दौरान रफ्तार के पहले की तुलना में आधे से भी कम रह जाने के समाचारों से शेयर बाजारों में बिकवाली का दबाव रहने से शुरुआती जोरदार तेजी लगभग गायब हो गई। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 4.83 और नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 6.10 अंक ऊपर रहा।
अमेरिका के फैडरल रिजर्व के 200 अरब डॉलर की प्रतिभूतियों के जरिये अर्थव्यवस्था को सहारा देने के समाचारों के बीच सेंसेक्स कल के 16123.98 अंक की तुलना में 400 अंक से अधिक ऊपर 16541.14 अंक पर खुला और करीब ढाई सौ अंक और बढकर ऊँचे में 16683.37 अंक तक गया।
इसी दौरान जनवरी माह के दौरान देश के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक की वृद्धि रफ्तार के पहले के 11.6 प्रतिशत की तुलना में गिरकर 5.3 प्रतिशत रहने के समाचारों से बिकवाली का दबाव बना और सेंसेक्स लुढ़कता हुआ 16064.09 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर इसकी तुलना में 62 अंक सुधरा और मात्र 4.83 अंक अर्थात 0.03 प्रतिशत ऊपर 16127.37 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी 4872 अंक पर 6.10 अंक ऊपर रहा। हालाँकि सत्र के दौरान यह ऊँचे में 5019.20 अंक तक चढ़ा। मझौली और लघु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दवाब देखा गया। इनके सूचकांक क्रमश: 82.99 तथा 27.18 अंक नीचे आए। अन्य वर्गों में कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी, आईटी, धातु और पीएसयू क्षेत्र के सूचकांक नीचे आए। बैंकेक्स, रियलटी और आइल एंड गैस में सुधार दिखा। एशिया के शेयरों बाजार में तेजी का लाभ घरेलू बाजार नहीं उठा सके।
मझौली और लघु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली अधिक रहने से बीएसई का रुख नकारात्मक रहा। सत्र के दौरान कुल 2763 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से आधे से अधिक 52.19 प्रतिशत अर्थात 1442 कंपनियों के शेयर घाटे में रहे, जबकि 45.75 प्रतिशत अर्थात 1264 में फायदा हुआ। मात्र 57 कंपनियों के शेयर टिके रहे। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में नफा-नुकसान का आँकड़ा 16 तथा 14 का रहा।
एसबीआई, डीएलएफ, रिलायंस कम्युनीकेशंस, टाटा मोटर्स, आईटीसी लिमिटेड, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, मारुति सुजूकी, विप्रो, अम्बुजा सीमेंट और एसीसी के सीमेंट नुकसान वाली सेंसेक्स की सूची में थे।
सेंसेक्स में सर्वाधिक 4.26 प्रतिशत का मुनाफा सिप्ला के शेयर में रहा। कंपनी का शेयर 8.35 रुपए बढ़कर 204.15 रुपए पर बंद हुआ।
सीमेंट वर्ग की अग्रणी ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर में 2892.55 रुपए पर 3.69 प्रतिशत अर्थात 103.05 रुपए बढ़े। सेंसेक्स की सर्वाधिक भारांक वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.26 प्रतिशत अर्थात 29.65 रुपए बढ़कर 2376.20 रुपए पर पहुँच गया।
रिलायंस एनर्जी, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, रैनबैक्सी लैबोरेटरीज, ओएनजीसी, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, एचडीएफसी, भेल, बजाज आटो, एलएंडटी, एनटीपीसी और टीसीएस के शेयर फायदे में रहे।
|