देश के शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत में जोरदार बढ़त, सीमेंट, सूचना प्रौद्योगिकी और धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से लगभग गायब हो गई। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स मात्र 20 अंक ऊपर रहा जबकि नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी दो अंक नीचे था।
अमरीका में गत दिवस की बढ़त और एशियाई शेयर बाजारों की तेजी के चलते यहाँ भी बाजार ऊँचे खुले और दोपहर से पहले अच्छी बढ़त बनाने रखने में सफल थे। इसके बाद ऊँचे भावों पर मुनाफावसूली और कल वायदा एवं निपटान कारोबार की समाप्ति को देखते हुए कारोबारियों के अपने सौदे समेटने में व्यवस्था हो जाने पर बाजार सुस्त पड़ गया।
बीएसई का सेंसेक्स कल के 17806.19 अंक की तुलना में करीब 176 अंक ऊपर 17983.42 अंक पर खुला और लगभग डेढ सौ अंक और बढ़कर ऊँचे में 18137.28 अंक तक जाने के बाद बिकवाली दबाव से 360 अंक घटकर नीचे में 17770.65 अंक तक गिरा और समाप्ति पर कुछ सुधरकर कुल 19.80 अंक अर्थात 0.11 प्रतिशत ऊपर 17825.99 अंक पर बंद हुआ।
एनएसई का निफ्टी कारोबार के दौरान ऊँचे में 5368.15 तथा नीचे में 5249.75 अंक तक गिरने के बाद 1.65 अंक अर्थात 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट से 5268.40 अंक रह गया।
बीएसई के मिडकैप और स्माल कैप में क्रमश: 32.70 तथा 25.37 अंक की हल्की बढ़त रही। इंजीनियरिंग सूचकांक 382.31 अंक चढ़ा जबकि सूचना प्रौद्योगिकी 89.55 धातु 159 अंक टूट गए। रियलटी में 36.77 अंक की गिरावट थी। कारोबारियों का कहना है कि निवेशकों की निगाह 29 फरवरी को पेश होने वाले 2008-09 के आम बजट पर भी है।
सत्र के दौरान बीएसई में 2805 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें आधे से अधिक अर्थात 51.12 प्रतिशत यानि 1434 कंपनियों के शेयर बढे जबकि 1292 अर्थात 46.06 में नुकसान था। शेष 79 कंपनियों के शेयरों में कोई घटबढ़ नहीं थी। सेंसेक्स में हल्की बढ़त के बावजूद इसमें शामिल तीस कंपनियों में से 16 नुकसान में रहीं।
सेंसेक्स की घाटे वाली कंपनियों में सीमेंट की अग्रणी ग्रासिम इंडस्ट्रीज का शेयर 5.06 प्रतिशत अर्थात 154.05 रुपए गिरकर 2888.65 रुपए रह गया। रिलायंस एनर्जी के शेयर में 1631.35 रुपए पर 3.88 प्रतिशत अर्थात 65.90 रुपए नीचे आया।
सूचना प्रौद्योगिकी वर्ग की चारों बड़ी कंपनियां सत्यम कंप्यूटर, इन्फोसिस टेक, टीसीएस और विप्रो लिमिटेड के शेयर घाटे में रहे। एसीसी लिमिटेड, एसबीआई, बजाज आटो, रिलायंस कम्युनिकेशंस, अम्बूजा सीमेंट, डीएलएफ, एनटीपीसी, हिंडाल्को, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और हिन्दुस्तान यूनीलीवर के शेयर भी घाटे में रहे।
लाभ वाली श्रेणी में महिन्द्रा एंड महिन्द्रा का शेयर 4.52 प्रतिशत अर्थात 28.50 रुपए के फायदे से 658.65 रुपए पर पहुँच गया। एचडीएफसी, रैनबैक्सी लैब, भेल, एलएंडटी, मारुति सुजूकी, ओएनजीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, आईटीसी, टाटा स्टील और सिप्ला फायदे वाले शेयरों में शामिल थे।
|