सीमेंट, धातु, आइल एंड गैस और रियलटी कंपनियों को मिले समर्थन से देश के शेयर बाजारों में मंगलवार को भी शेयरों ने अच्छी छलाँग लगाई। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 155.62 अंक तथा नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी में 69.35 अंक की और बढ़त दर्ज की गई।
अमेरिकी शेयर बाजारों में गत दिवस अच्छी तेजी देखने को मिली। हालाँकि एशिया के शेयर बाजारों में मिलाजुला रुख था, किंतु रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव के कई कच्चे सामान के माल भाड़े में कमी किए जाने की घोषणा का असर बाजार पर दिखा।
यादव ने सीमेंट बनाने के काम में आने वाली ताप बिजली घर से निकली राख 'फ्लाई ऐश' के माल भाड़े में 14 प्रतिशत कमी किए जाने की घोषणा की है। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल पर माल भाड़ा पाँच प्रतिशत कम किया गया है।
बीएसई का सेंसेक्स सत्र की शुरुआत में कल के 17650.57 अंक की तुलना में करीब 150 अंक ऊपर 17799.56 अंक पर मजबूत खुला और इसके बाद इसमें बहुत उठापटक नहीं देखी गई। सेंसेक्स ऊँचे में 17860.10 अंक और नीचे में 17678.74 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 155.62 अंक अर्थात 0.88 प्रतिशत की बढ़त से 17806.19 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी कल के 5200.70 अंक की तुलना में 5200.80 अंक पर मामूली ऊपर और यह इसका निचला स्तर भी रहा। ऊँचे में 5181.20 अंक तक चढ़ने के बाद समाप्ति पर कुल 1.33 प्रतिशत अर्थात 69.35 अंक की बढ़त से 5270.05 अंक पर बंद हुआ।
भारतीय सूचना कंपनियों के एडीआर में गत दिवस आई बढ़त का असर यहाँ भी इस क्षेत्र के शेयरों पर देखने को मिला।
मिडकैप और स्मालकैप के सूचकांकों में क्रमश: 96.45 तथा 122.21 अंक की बढ़त रही। इंजीनियरिंग कंपनियों का सूचकांक 324.09 अंक, धातु 270.85 अंक, आइल एंड गैस 157.38 तथा रियलटी वर्ग का सूचकांक 247.18 अंक ऊपर रहा।
बीएसई में मध्यम और लघु कंपनियों को मिले समर्थन से रुख सकारात्मक रहा। सत्र में कुल 2785 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से 1652 अर्थात 59.32 प्रतिशत कंपनियों के शेयर लाभ में थे जबकि 1074 अर्थात 38.56 में नुकसान और 59 में स्थिरता रही। सेंसेक्स की तीस कंपनियों 19 फायदे और 11 घाटे में थीं।
सेंसेक्स में सीमेंट वर्ग की अग्रणी ग्रासिम इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे अधिक 5.06 प्रतिशत लाभ में रहा। इसमें 3042.70 रुपए पर 146.65 रुपए की भारी बढ़त देखने को मिली। रिलायंस एनर्जी का शेयर कंपनी के पुनर्खरीद के लिए पाँच को निदेशक मंडल की बैठक होने की खबरों से 4.59 प्रतिशत अर्थात 74.55 रुपए चढ़कर 16.97.25 रुपए पर बंद हुआ।
सीमेंट वर्ग की दूसरी बड़ी एसीसी के शेयर में 830.90 रुपए पर 1.53 प्रतिशत और अम्बूजा सीमेंट में 123.55 रुपए पर 0.65 प्रतिशत का फायदा हुआ। सूचकांक में सर्वाधिक भारांक वाला रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.94 प्रतिशत अर्थात 24.05 रुपए बढ़कर 2575.75 रुपए पर पहुँच गया। गुजरात से आर्डर मिलने के समाचारों से भेल के शेयर में 2180.55 रुपए पर 95.45 रुपए की तेजी थी।
एचडीएफसी बैंक, हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड, मारुति सुजूकी, ओएनजीसी, विप्रो, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, रिलायंस कम्युनीकेशंस, हिंडाल्को, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा और टाटा स्टील के शेयर भी चढ़े।
घाटे वाले शेयरों में भारती एयरटेल में सर्वाधिक 1.38 प्रतिशत अर्थात पौने बारह रुपए का नुकसान हुआ। इसका शेयर 838.80 रुपए रह गया। एचडीएफसी, टाटा मोटर्स, एसबीआई, आईटीसी लिमिटेड, बजाज आटो, सिप्ला लिमिटेड, टीसीएस, रैनबैक्सी लैब, डीएलएफ और सत्यम कंप्यूटर में भी घाटा रहा। कैसा रहेगा बुधवार का बाजार
|