विदेशी शेयर बाजारों से भारी गिरावट की खबरों के बीच मुनाफावसूली चलने से देश के शेयर बाजारों में पिछले तीन दिन से चली आ रही तेजी को आज ब्रेक लगा। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) सेंसेक्स 524 अंक और नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) निफ्टी ने 161 अंक का गोता लगाया।
कारोबार की शुरूआत से ही बाजार पूरी तरह मंदी की गिरफ्त में था। विदेशी शेयर बाजारों के मंदी और यहाँ पिछले दिनों आए आईपीओ को निवेशकों का समर्थन नहीं मिलने से बाजार में निराशा का माहौल रहा। एम्मार एमजीएफ के आज बंद होने वाले इश्यू को अभिदान की तुलना में बमुश्किल एक प्रतिशत अधिक आवेदन आए हैं। वहीं दूसरी तरफ वोकहार्ट हॉस्पिटल के आईपीओ को समर्थन नहीं मिलने से इसके बंद होने की तिथि को दो दिन बढ़ाना पड़ा।
एशियाई शेयर बाजारों में जापान का निक्केइ अमेरिका की मंदी की चिंता में 4.7 प्रतिशत अर्थात 646.26 अंक टूटकर 13099.24 अंक रह गया। हाँगकाँग का हेंगसेंग 1339.24 अर्थात 6.15 प्रतिशत के नुकसान के दो सप्ताह के न्यूनतम स्तर 23469.46 अंक पर बंद हुआ।
ब्रिटेन के शेयर बाजार भी स्थिरता में खुले हैं। गत दिवस अमेरिका में बिकवाली के दवाब से डाउ जोंस 252 अंक अर्थात 1.99 प्रतिशत घटकर 12383.16 अंक पर बंद हुआ। एस एंड पी 500 में 1352.31 अंक पर 2.06 प्रतिशत का नुकसान हुआ। नास्डाक 41.19 अंक अर्थात 1.73 प्रतिशत के नुकसान से 2346.66 अंक रहा था।
बीएसई में कारोबार की शुरूआत में सेंसेक्स कल से करीब 425 अंक नीचे 18247.03 अंक पर खुला और इसके बाद यह निरंतर बिकवाली के दवाब में दिखा। सत्र के दौरान यह शुरूआत की तुलना में करीब 27 अंक बढ़कर ऊँचे में 18274.15 अंक जाने के बाद लुढ़कता हुआ 17936.01 अंक तक गिरा।
समाप्ति पर इसके मुकाबले हल्के सुधार के बावजूद सेंसेक्स 524 अंक के नुकसान से 18139.49 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 161 के नुकसान से 5323 अंक रह गया।
|