मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली बढ़त
देश के शेयर बाजारों में पिछले दो कारोबारी दिवसों में जोरदार तेजी के बाद सीमित घटबढ़ वाले कामकाज में बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स मंगलवार को मात्र तीन अंक की बढ़त हासिल कर पाया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 21 अंक का सुधार देखा गया।

कारोबारियों के अनुसार बाजार में सतर्कता भरा माहौल रहा। सत्र के शुरू में हल्की बिकवाली के बाद दोपहर के कारोबार में कुछ सुधार दिखा, किंतु कामकाज समाप्त होते-होते यह तेजी गायब हो गई।

एशिया के शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई। हांगकांग का हैंगसैंग 223.38 अंक के नुकसान से 24808.70 अंक रह गया। जापान का निक्केई 114.20 अंक की गिरावट से 13745.50 अंक रहा। यूरोप के शेयर बाजार भी शुरुआत में नीचे खुले।

बीएसई सेंसेक्स कारोबार के प्रारंभ में सोमवार के 18660.32 अंक की तुलना में करीब 70 अंक नीचे 18592.58 अंक पर खुला और सत्र में नीचे में 18509.54 अंक तथा ऊपर 18729.83 अंक चढ़ने के बाद फिर बिकवाली दबाव में आया और समाप्ति पर तेजी लगभग गायब दिखी। सत्र के अंत में सेंसेक्स में 18663.16 अंक पर 0.02 प्रतिशत अर्थात 2.84 अंक का मामूली सुधार था।

एनएसई का निफ्टी 20.40 अंक बढ़कर 5483.90 अंक पर बंद हुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप में क्रमश: 66.38 तथा 105 अंक का सुधार रहा। अन्य सूचकांकों में ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, आईटी और एमएफसीजी नीचे आए जबकि इंजीनियरिंग, धातु, आइल, गैस और रियलिटी में सुधार देखा गया।

मझोली और लघु कंपनियों को मिले समर्थन से बीएसई का रुख खासा सकारात्मक था। कुल 2836 कंपनियों के शेयरों के कामकाज में दो तिहाई से अधिक अर्थात 67.48 प्रतिशत अर्थात 1913 कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही जबकि 30.76 प्रतिशत यानी 872 के शेयर नीचे आए। मात्र 50 कंपनियों के शेयर में कोई घटबढ़ नहीं थी।

सेंसेक्स की तीस कंपनियों में नफा-नुकसान की संख्या क्रमश: 16 तथा 14 रही। फायदे वाली कंपनियों में सर्वाधिक बढ़त एनटीपीसी के शेयर में 4.03 प्रतिशत रही। सत्र की समाप्ति पर इसका शेयर 8.65 रुपए की बढ़त से 223.10 रुपए पर बंद हुआ। रैनबैक्सी लैबारेटरीज का शेयर 3.78 प्रतिशत अर्थात 14.40 रुपए बढ़कर 387.25 रुपए पर पहुँच गया।

हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, सिप्ला लिमिटेड, एचडीएफसी, ओएनजीसी, भारती एयरटेल, एलएंडटी, भेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, डीएलएफ, रिलायंस एनर्जी, आईटीसी लिमिटेड, एसीसी लिमिटेड और सत्यम कंप्यूटर सेंसेक्स के फायदे वाले अन्य शेयर थे।

घाटे वाले शेयरों में टीसीएस का शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहा। यह 949.45 रुपए पर 2.72 प्रतिशत अर्थात 26.55 रुपए नीचे आया। यात्री कार की अग्रणी कंपनी मारुति सुजुकी का शेयर 872.35 रुपए पर 2.70 प्रतिशत अर्थात 24.20 रुपए नुकसान में था।

महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, बजाज ऑटो, विप्रो लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस टेक्नोलॉजीस, एसबीआई, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, रिलायंस कम्युनिकेशंस और अम्बुजा सीमेंट सेंसेक्स के घाटे वाले अन्य शेयर थे।
और भी
पैरी एग्रो बीएसई से शेयर हटाएगी
रिलायंस पावर की लिस्टिंग सोम को
वाकहार्ट हास्पिटल आईपीओ 7 तक
मंगलवार को भी तेजी की उम्मीद
शेयर बाजार में दूसरे दिन भी तेजी
मॉयल के श्रेष्ठ वित्तीय परिणाम