शेयर बाजारों में उठापटक के दौर के बीच प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पूरा समर्थन नहीं मिलने के कारण वाकहार्ट हास्पिटल ने इसके बंद होने की तिथि को दो दिन और बढ़ाया गया है। कंपनी का इश्यू अब सात फरवरी को बंद होगा।
बैंकिंग सूत्रों के मुताबिक वाकहार्ट हास्पिटल के दो करोड़ 51 लाख शेयरों के इश्यू को संस्थागत निवेशकों, कंपनियों अथवा गैर खुदरा निजी निवेशकों की तरफ से अभी तक एक भी बोली नहीं मिली है जबकि खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित शेयरों को संख्या से मामूली अधिक अभिदान मिला है।
गौरतलब है कि शेयर बाजारों की उठापटक के चलते वाकहार्ट हास्पिटल ने इश्यू के लिए पहले से तय मूल्य दायरे में भी खासी कमी की थी।
कंपनी ने इसे पहले 280 से 310 रुपए रखा था किंतु इश्यू खुलने से मात्र एक दिन पहले अर्थात 31 जनवरी को इसमें भारी कमी करते हुए 225 से 260 रुपए किया था। आईपीओ के लिए सिटीग्रुप और कोटक इन्वेस्टमेंट बैंकिंग मुख्य प्रबंधक थे।
|