एशियाई शेयर बाजारों में जोरदार सुधार और निवेशकों के समर्थन से देश के शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भारी तेजी दर्ज की गई। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 418 एवं नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 157 अंक के उछाल का साथ बंद हुआ।
कारोबार की शुरूआत से ही बाजार में तेजी का रूख था, जो कमोबेश अंत तक बना रहा। बैंकिंग, इंजीनियरिंग, धातु, आयल एंड गैस और रियलिटी कंपनियों के शेयरों को अच्छा समर्थन मिला। मंझोली एवं लघु कंपनियों के शेयर भी निवेशकों को आकर्षित करने में सफल रहे।
सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में शुक्रवार के 18242.58 की तुलना में करीब 250 अंकर ऊपर खुला और इस दौरान ऊंचे में 18895.34 तथा नीचे में 18439.33 तक गया जो कारोबार की समाप्ति में कुल 417.74 अर्थात 2.29 प्रतिशत के सुधार से 18660.32 अंक पर बंद हुआ। शुक्रवार को सेंसेक्स में चार दिन की गिरावट के बाद 500 अंक से अधिक का उछाल आया था।
एशियाई शेयर बाजारों में हांगकांग का हेंगसेंग 3.8 प्रतिशत अर्थात 908.50 अंक की जोरदार बढ़त के साथ 25032.38 अंक पर बंद हुआ। जापान का निक्केइ 362.59 अर्थात 2.7 प्रतिशत की तेजी से 13859.70 अंक पर पहुँच गया।
चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 8.13 प्रतिशत के उछाल से 4672.17 अंक पर बंद हुआ। पाकिस्तान के कराची स्टाक एक्सचेंज का सूचकांक 13995 अंक पर 20.50 अंक ऊपर रहा। यूरोप के शेयर बाजार भी कारोबार के शुरूआत में ऊँचे खुले हैं। एनएसई का निफ्टी 146.25 अंक की बढ़त से 5463.10 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई में सत्र के दौरान मिड कैप 3.14 प्रतिशत अर्थात 243.37 अंक की तेजी लेकर 7761.54 अंक पर बंद हुआ। लघु कंपनियों का सूचकांक 10072.32 अंक पर 289.46 अंक अर्थात 2.87 प्रतिशत उपर रहा। अन्य सूचकांकों में सर्वाधिक बढ़त रियलिटी में 644.13 अंक की दर्ज की गई।
इस्पात के दाम बढाये जाने के बीच धातु वर्ग का सूचकांक 528.03 अंक बढ़ गया। इंजीनियरिंग सूचकांक में 362.90 अंक की बढ़ोतरी दर्ज गई। बैंकेक्स 220.64 अंक, आयल एंड गैस 270.51 और आईटी सूचकांक 163.34 अंक बढे़।
मंझोली और लघु कंपनियों के शेयरों को मिले जोरदार समर्थन से बीएसई का रूख सकारात्मक रहा। सत्र के दौरान कुल 2844 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 79.82 प्रतिशत अर्थात 2273 कंपनियों के शेयर ऊँचे में बंद हुए जबकि 534 अर्थात 18.78 प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई। 37 कंपनियों के शेयर स्थिर थे। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 26 फायदे और चार नुकसान में रहे।
रिलायंस कम्युनिकेशन की अनुषंगी इकाई रिलायंस इंफ्राटेल का आईपीओ लाए जाने की खबरों के बीच सेंसेक्स में लाभ पाने वाला अग्रणी शेयर रहा। कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान ऊंचे में 699.80 रूपए और नीचे में 625 रूपए आने के बाद कुल 11.96 प्रतिशत अर्थात 73.20 रूपए की छलाँग के साथ 685 रूपए पर बंद हुआ। रियलिटी कंपनी डीएलएफ में 8.54 प्रतिशत अर्थात 69.45 रुपए का फायदा हुआ। सत्र की समाप्ति पर इसका भाव 883 रुपए था।
आईटी वर्ग की चारों बड़ी कंपनियों टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो और सत्यम के शेयरों में तीन से लेकर छह प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। सेंसेक्स में सर्वाधिक भारांक रखने वाला रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 50.95 रूपए अर्थात दो प्रतिशत की बढ़त से 2592.60 रूपए पर बंद हुआ1 स्टेट बैंक में 3.93 प्रतिशत और टाटा स्टील 3.39 प्रतिशत के फायदे में रहे।
नुकसान वाले शेयरों में एचडीएफ्सी बैंक 1.21 प्रतिशत अर्थात 19 रूपए घटकर 1548.25 रूपए का रह गया। मारूति सुजूकी में 896.55 रूपए पर 8.20 रूपए का घाटा हुआ। भेल और रिलायंस इनर्जी सेंसेक्स के नुकसान वाले अन्य शेयर थे।
|