अमेरिका के केन्द्रीय बैंक फैडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरों में कमी किए जाने की प्रबल संभावनाओं के बीच यूरोप के शेयर बाजारों में आई तेजी का असर यहाँ भी देखने को मिला।
बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स अच्छी लिवाली के चलते पिछले दो कारोबारी दिवसों की गिरावट से उबरने में कामयाब रहा और इसमें 165 अंक की जोरदार बढ़त दर्ज की गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 52 अंक चढ़ गया।
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति को देखते हुए फैडरल रिजर्व के ब्याज दरों में कम से कम चौथाई प्रतिशत की कमी किए जाने की पूरी-पूरी संभावना है। यह कटौती आधा प्रतिशत तक भी हो सकती है।
विदेशी निवेशकों के समर्थन को देखते हुए यहाँ शेयर बाजार मजबूती में खुले और उतार-चढ़ाव के बाद इस रफ्तार को बनाने में सफल रहे। हालाँकि हांगकांग के हैंगसेंक और जापान के निक्केई में गिरावट का रुख था, किंतु इसका सेंसेक्स और निफ्टी पर असर नहीं दिखा।
सत्र की शुरुआत में सोमवार के 15504.43 अंक की तुलना में 15547.07 अंक पर मजबूत खुला सेंसेक्स कारोबार के दौरान ऊँचे में 15691.88 अंक तथा नीचे में 15468.12 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 164.69 अंक अर्थात 1.06 प्रतिशत बढ़कर 15669.12 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में 4546.20 अंक पर 51.55 अंक अर्थात 1.15 प्रतिशत का फायदा रहा।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप क्रमश: 69.66 तथा 140.66 अंक बढ़ गए। इंजीनियरिंग सूचकांक 158.18, आइल एंड गैस 126.73 अंक और धातु 73.54 अंक बढ़ गया। आईटी में दो अंक की मामूली गिरावट रही। फैडरल रिजर्व के फैसले की संभावनाओं के बीच बैंकेक्स सूचकांक में 200 अंक का भारी उछाल दर्ज किया गया।
कारोबार के दौरान सीमेंट क्षेत्र की अग्रणी ग्रासिम इंडस्ट्रीज और सेंसेक्स में भारी भरकम योगदान रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर को अच्छा समर्थन देखने को मिला।
सत्र में कुल 2837 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें 1815 लाभ व 971 नुकसान में रहे जबकि 51 में स्थिरता रही। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 21 के शेयर फायदे और नौ के घाटे में थे।
सेंसेक्स में सबसे अधिक बढ़त निजी क्षेत्र के अग्रणी आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 3.39 प्रतिशत अर्थात 30.30 रुपए के लाभ से 925.05 रुपए पर पहुँच गया। अग्रणी वाणिज्यिक बैंक एसबीआई के शेयर में 1693.40 रुपए पर 46.85 रुपए अर्थात 2.85 प्रतिशत की बढ़त रही।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.48 प्रतिशत अर्थात 29.95 रुपए बढ़कर 2058.40 रुपए पर पहुँच गया।
भारती एयरटेल, रिलायंस एनर्जी, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी और रिलायंस कम्युनिकेशन सेंसेक्स के लाभ वाले पहले दस शेयरों में थे।
घाटे वाले शेयरों में सिप्ला लिमिटेड में सर्वाधिक 2.01 प्रतिशत की गिरावट रही। इसका शेयर 168.50 रुपए पर 3.45 रुपए टूट गया।
|