दिल्ली में एक राष्ट्रीय समाचारपत्र में काम करने वाली पत्रकार निरुपमा पाठक की हत्या के आरोप में पुलिस ने आज उसकी माँ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस बात की भी जाँच कर रही है कि यह हत्या कहीं ‘सम्मान की खातिर’ तो नहीं की गई है।
पुलिस अधीक्षक क्रांति कुमार ने बताया कि निरुपमा की माँ शुभा को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि निरुपमा यहाँ अपने घर में मृत हालत में पाई गई थी।
कुमार ने बताया कि शव परीक्षण की रिपोर्ट में निरुपमा की मौत,गला घोंटने की वजह से दम घुटने से होने की बात कहे जाने के बाद शुभा और उसके पति धर्मेश को इससे पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया ‘हमने परिस्थितिजन्य सबूतों के आधार पर उन्हें आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत को छिपाने) और 120 बी (आपराधिक साजिश रचने) के तहत गिरफ्तार किया है।’(भाषा)