बिहार के औरंगाबाद जिले के टडवा बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सशस्त्र दस्ते द्वारा वहाँ से गुजर रहे एक पुलिस दल पर की गई गोलीबारी में चार जवान शहीद हो गए जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि नियमित गश्त पर निकले बिहार सैन्य पुलिस बल पर आज दोपहर पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने टडवा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने अचानक हमला बोल दिया और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि इस हमले में चार पुलिस जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रुप से घायल है। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने पुलिस के जवानों की पाँच राइफलें लूट लीं और फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सलियों की धरपकड़ के लिए जिले की सीमा को सील कर दिया गया है और संदिग्ध स्थानों पर छापामारी की जा रही है। (भाषा)