प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन उल्फा ने आज नलबाड़ी में दोहरे बम विस्फोट में शामिल होने से इनकार किया है, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 54 से अधिक लोग घायल हो गए।
संगठन के 709 बटालियन के कमांडर हीरा सरानिया ने आज एक स्थानीय समाचार चैनल से कहा उल्फा किसी भी तरीके से बम विस्फोट में शामिल नहीं रहा और यह केवल शांति प्रक्रिया को पटरी से उतारने के लिए किसी तबके की साजिश है।
सरानिया ने कहा आरोप पूरी तरह प्रेरित हैं और संगठन को बदनाम करने के लिए किए गए हैं। पहले भी कई मौकों पर ऐसा हुआ है, जब हमारे खिलाफ गलत जानकारी दी गई। जब उनसे इस तथाकथित साजिश के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा यह जल्दी सामने आएगा।
जब सरानिया से पूछा गया कि क्या उल्फा ने अपने शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी के बाद विस्फोट किया तो उसने कहा हम इस मामले में अपनी ताकत दिखाने के इच्छुक नहीं हैं। केंद्र ने पीसी हलधर को असम में शांति बातचीत के लिए नियुक्त किया है। (भाषा)