पश्चिमी मिदनापुर के वन क्षेत्र में मौजूद माओवादियों को स्थानीय लोगों से मिल रही मदद को स्वीकारते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई नहीं बल्कि उचित विकास कार्य के जरिए समस्या को संभाला जा सकता है।
राज्य के गृह सचिव अर्द्धेंदु सेन ने कहा‘स्थानीय लोग माओवादियों की मदद कर रहे हैं। यदि क्षेत्र का विकास कराया जाए तो स्थानीय लोग माओवादियों से खुद-ब-खुद दूर हो जाएँगे। माओवादियों की समस्या से केवल पुलिस कार्रवाई के जरिए नहीं निपटा जा सकता है।’
‘जंगलमहल में कानून, व्यवस्था और कल्याण’ पर मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की समीक्षा बैठक में भाग लेकर मिदनापुर रवाना होने से पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि हालाँकि माओवादियों के खिलाफ पुलिस अभियान जारी रहेगा।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि पश्चिमी मिदनापुर में कुसबनी जंगल में सुबह पाए गए तीन युवकों के शवों की पहचान कर ली गयी है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पश्चिमी मिदनापुर जिले में करीब चार हजार पुलिसकर्मियों ओर अर्धसैनिक बलों की छह कंपनियों को तैनात किया गया है।(भाषा)