अरुणाचल प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य वाले तवांग शहर में विशेष व्यंजन और उपहार रविवार को आ रहे दलाई लामा के स्वागत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
दलाई लामा के पसंदीदा व्यंजन तैयार करने के लिए जहाँ खानसामाओं को एक महीने से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं उनके लिए विभिन्न उपहार पिछले एक साल से एकत्र किए जा रहे हैं।
तवांग बौद्ध मठ के प्रमुख तुल्कू रिमपोचे ने बताया कि दलाई लामा के पसंदीदा व्यंजनों के बारे में खुलासा नहीं किया जा सकता लेकिन खानसामा पिछले एक महीने से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
बौद्ध मठ से जुड़े अधिकारियों के पास दलाई लामा को उपहार के रूप में भेंट करने के लिए स्तूपों की छोटी अनुकृतियाँ पांडुलिपियाँ मूर्तियों और फूलों जैसी चीजें बड़ी मात्रा में मौजूद हैं।
रिमपोचे ने कहा कि पिछले एक साल से उपहार तैयार किए जा रहे हैं, जो दलाई लामा के यहाँ आने पर उन्हें भेंट किए जाएँगे। कल सुबह जब वे हेलीपैड से सीधे यहाँ आएँगे तो लगभग 600 बौद्ध भिक्षु उनका स्वागत करेंगे।