कर्नाटक में पार्टी से जुड़े घटनाक्रम पर राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा शनिवार को टेलीविजन पर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने रेड्डी बंधुओं के दवाब में अपने विश्वासपात्रों को धोखा देने की बात स्वीकार की।
हालाँकि समझा जाता है कि समझौता फार्मूला सामने आने के बावजूद रेड्डी बंधु अभी भी अपने रुख पर कायम हैं। येदियुरप्पा ने राज्य के बाढ़ पीड़ितों से माफी माँगते हुए कहा कि पार्टी में असंतोष के कारण राज्य के बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास कार्य से उनका ध्यान भटका है।
कन्नड़ टेलीविजन चैनल सुवर्णा से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए मुझे उन लोगों को धोखा देने के लिए मजबूर कर दिया गया जिन पर हमारे लोगों ने भरोसा किया था। चाहे वह शोभा हो या बालिगार। ईश्वर भी मुझे इस बात के लिए माफ नहीं करेगा।
उल्लेखनीय है कि रेड्डी बंधुओं के दवाब के कारण मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव पीवी बालिगार का अन्य विभाग में स्थानांतरण कर दिया था। इसके अलावा ग्रामीण विकास मंत्री शोभा करनलजे को मंत्रिमंडल से हटाने का भी वायदा किया गया है।
येदियुरप्पा ने कहा कि मैं राज्य के बाढ़ पीड़ितों से भी माफी माँगता हूँ। उस समय जब लोगों को इतनी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, हमें इस समस्या (पार्टी) पर समय बर्बाद नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर उन्होंने भरोसा किया, उन्होंने उनका समर्थन नहीं किया।