राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | प्रादेशिक | बराक ओबामा | बाबा आमटे | मप्र-छग | रेल बजट | स्वाइन फ्लू | चंद्र अभियान | राष्ट्रपति की रूस यात्रा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » प्रादेशिक » हरियाणा के मंत्रियों में विभागों का बँटवारा (Bhupendra singh Hudda Hariyana Cabinet)
Feedback Print Bookmark and Share
 
हरियाणा के नए मंत्रियों के बीच विभागों का बँटवारा हो गया है। छह बार कांग्रेस से विधायक रहे अजय यादव को राज्य का वित्त मंत्री बनाया गया है। निर्दलियों को भी कुछ मुख्य विभागों का आवंटन किया गया है। सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए निर्दलियों का समर्थन काफी महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया ने नए शपथ लिए नौ मंत्रियों को विभागों का बँटवारा किया। इनमें छह को कैबिनेट मंत्री और तीन को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि इनमें पाँच मंत्री कांग्रेस के हैं और चार निर्दलीय हैं। इन सभी को हुड्डा की अनुशंसा पर मंत्री बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि अजयसिंह यादव वित्त, योजना, संस्थागत वित्त एवं ऋण नियंत्रण, सिंचाई, वन एवं पर्यावरण मंत्रालय का प्रभार देखेंगे।

हुड्डा के पहले शासनकाल में वित्त मंत्रालय वरिष्ठ कांग्रेस नेता बीरेन्द्रसिंह के पास था। 13 अक्टूबर को हुए चुनावों में वह हार गए थे।

अन्य वरिष्ठ नेता रणदीपसिंह सुरजेवाला को जल आपूर्ति एवं स्वच्छता, संसदीय मामले, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना तकनीक, विज्ञान एवं तकनीक और लोक निर्माण विभाग दिया गया है।

महेंद्रप्रतापसिंह के पास उर्जा, नवीकरणीय उर्जा, श्रम एवं रोजगार, खाद्य एवं आपूर्ति, शहरी स्थानीय निकाय और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग होगा।

पानीपत से निर्दलीय उम्मीदवार ओमप्रकाश जैन को परिवहन, पर्यटन, नागरिक उड्डयन एवं आतिथ्य मंत्रालय दिया गया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्रसिंह हुड्डा ने महत्वपूर्ण गृह मंत्रालय को अपने पास रखा है। परमवीरसिंह कृषि, पशुपालन और डेयरी, मत्स्य और सहयोग मंत्री होंगे।

गीता भुक्कल को शिक्षा एवं भाषा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्गों का कल्याण, स्वास्थ्य, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी मंत्री बनाया गया है।

फरीदाबाद एनआईटी से निर्दलीय विधायक शिवचरण लाल शर्मा राज्यमंत्री होंगे। उन्हें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन (मुख्यमंत्री से जुड़ा हुआ), एकीकरण एवं पुनर्वास मंत्रालय दिया गया है।

सिरसा से निर्दलीय विधायक गोपाल कांडा को खेलकूद एवं युवा मामले, उद्योग एवं वाणिज्य (उद्योग मंत्री से जुड़ा हुआ) मंत्रालय दिया गया है ।

गुड़गाँव से निर्दलीय विधायक सुखबीर कटारिया कृषि एवं सहयोग राज्य मंत्री होंगे। वह कृषि एवं सहयोग कैबिनेट मंत्री से जुड़े रहेंगे।

90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 40 विधायक हैं और इसे सात निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी हासिल है। निर्दलीय विधायकों ने पहले बिना शर्त समर्थन देने का निर्णय किया था। बहुमत से छह कम विधायक वाले कांग्रेस को निर्दलीय विधायकों के समर्थन की सख्त जरूरत है।

इससे पहले आज हरियाणा कैबिनेट का विस्तार किया गया। राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया ने राजभवन में आयोजित समारोह में छह विधायकों को कैबिनेट मंत्री और तीन अन्य विधायकों को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। (भाषा)
संबंधित जानकारी खोजें