महानगर में 26/11 के आतंकी हमलों की सुनवाई कर रही विशेष अदालत ने एकमात्र जीवित पकड़े गए बंदूकधारी अजमल कसाब के साथ फहीम अंसारी के बारे में पाकिस्तान द्वारा भेजे गए डोजियर पर प्रकाश डालने के लिए विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को शुक्रवार को समन जारी किया।
अभियोजन पक्ष के वकील उज्ज्वल निकम की अर्जी पर विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव मनप्रीत वोरा को समन जारी किया गया। वोरा को 17 नवंबर तक अदालत में पेश होना है।
निकम के अनुसार पाकिस्तान ने स्वीकार किया है कि फहीम के पास से जब्त पासपोर्ट असली है और इसे पाकिस्तानी प्रशासन द्वारा जारी किया गया है, लेकिन इसे फर्जी दस्तावेज के आधार पर हासिल किया गया।
इस संबंध में पाकिस्तान ने विदेश मंत्रालय को डोजियर भेजा है और अभियोजन पक्ष इस बारे में वोरा से पूछताछ करना चाहता है। निकम ने कहा कि डोजियर में संवेदनशील और गोपनीय सूचनाएँ हैं। ऐसे में वोरा से पूछताछ फहीम के पाकिस्तानी पासपोर्ट तक ही सीमित रहेगी। (भाषा)