झारखंड में झामुमो और राजद का साथ छोड़ते हुए कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बाबूलाल मरांडी नीत झारखंड विकास मोर्चा के साथ गठबंधन कर लिया।
मरांडी और कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. केशव राव ने गठबंधन की संयुक्त घोषणा की। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में जेवीएम 19 और कांग्रेस 55 सीट पर चुनाव लड़ेगी। शेष सात सीट पर दोनों दलों के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबला होगा।
राव ने कहा कि कई दिनों की लंबी चर्चा के बाद हमने झाविमो के साथ गठबंधन करने का निर्णय किया है। हम राज्य में एक स्थिर और स्वच्छ सरकार प्रदान करने के लिए यह चुनावी गठबंधन करने जा रहे हैं, जो राज्य में समावेशी विकास के लिए काम करेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड अस्थिरता का सामना कर रहा है। पिछले आठ वर्षों में राज्य में छह मुख्यमंत्री बने। यह पूछे जाने पर कि गठबंधन का मुख्यमंत्री कौन होगा राव ने कहा कि निर्वाचित विधायक जिसे चाहेंगे वह राज्य का नया मुख्यमंत्री होगा।
इस मौके पर झाविमो के प्रमुख और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हमारी एक ही सोच रही है कि राज्य में एक स्थिर और स्वच्छ सरकार बने जो राज्य में विकास का काम करे क्योंकि राज्य की जनता काफी नाखुख थी। (भाषा)