राँची/नई दिल्ली, शुक्रवार, 6 नवंबर 2009( 23:37 IST )
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के एक करीबी सहयोगी विकास सिन्हा के गिरफ्त में आने के साथ ही दो हजार करोड़ रुपए के कथित अवैध संपत्ति मामले में शुक्रवार को पहली गिरफ्तारी हो गई, वहीं प्रवर्तन निदेशालय कोड़ा को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रहा है, जिन्हें अस्पताल से शनिवार को छुट्टी मिलने की संभावना है।
कोडा के दाहिने हाथ की तरह माने जाने वाले विनोद सिन्हा के भाई विकास सिन्हा को विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। विकास सिन्हा हवाला के जरिये कोड़ा के अवैध निवेश करने के मामले में कथित तौर पर संलिप्त है।
‘अब्दुर रज्जाक वीवर्स मेमोरियल हॉस्पिटल’ के प्रवक्ता ने कहा कि कोड़ा की सेहत स्थिर है। गत मंगलवार उच्च रक्तचाप और पेट दर्द की शिकायत के बाद कोड़ा को यहाँ भर्ती किया गया था।
प्रवर्तन निदेशालय की उप निदेशक प्रभा कांत ने कहा कि विकास सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उससे दो हजार करोड़ रुपए के कथित हवाला घोटाले और अवैध निवेश मामले में पूछताछ की जाएगी।
प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष हाजिर होने के बाद सिन्हा को गिरफ्तार किया गया। वह उन आठ लोगों में शामिल था जिन्हें कई करोड़ रुपए के घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए निदेशालय तलब किया गया था। अड़तीस वर्षीय कोड़ा पर हवाला और अवैध निवेश के जरिये दो हजार करोड़ रुपए की संपत्ति जुटाने का आरोप है।
दिल्ली, मुंबई और कोलकाता सहित देश भर के नौ शहरों के 70 स्थानों पर एक सप्ताह तक चली छापे की कार्रवाई के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने गत बुधवार कोड़ा के राँची स्थित आवास के एक कमरे और उसमें रखीं अल्मारियों को सील कर दिया।
इस बीच, निदेशालय के निदेशक उज्ज्वल चौधरी ने विकास सिन्हा की नार्को विश्लेषण जाँच कराने की संभावना खारिज कर दी और कहा कि इस तरह की जाँच हमारे दायरे में नहीं आती। अगर वह आरोप स्वीकार कर लेता है तो ठीक है अन्यथा हम उसके खिलाफ एकत्रित सबूतों के आधार पर उससे पूछताछ करेंगे।
काफी कमजोर हैं कोड़ा : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को गिरफ्तार करने का प्रवर्तन निदेशालय का इंतजार आज भी जारी रहा, जब एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा कि अस्पताल से छुट्टी देने के लिए वे काफी कमजोर हैं। अब्दुर रज्जाक वीवर्स मेमोरियल अस्पताल’ के जनसंपर्क अधिकारी जावेद अख्तर ने कहा कि उन्हें अब भी दर्द है और वे इतने कमजोर हैं कि खड़े भी नहीं हो पा रहे हैं।
करीबियों के खिलाफ रेड अलर्ट : प्रवर्तन निदेशालय ने दो हजार करोड़ रुपए के हवाला और अवैध निवेश मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के दो अहम सहयोगियों के खिलाफ रेड अलर्ट जारी किया है। (भाषा)