कांग्रेस के नेतृत्व में ग्यारह दिन पहले बनी हरियाणा सरकार के मुखिया (मुख्यमंत्री) भूपेन्द्र सिंह हूडा अपने मंत्रिमंडल का विस्तार शुक्रवार को करने वाले हैं।
उम्मीद की जा रही है कि वह अपने मंत्रिमंडल में 6 से 7 और विधायकों को शामिल कर सकते हैं।
एक आधिकारिक प्रवक्ता के मुताबिक मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ ही हूडा शाम को कुछ विधायकों को संसदीय सचिव के रूप में शपथ दिलवाने की प्रक्रिया की अगुवाई भी करेंगे।
हालाँकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है कि हूडा अपने मंत्रिमंडल में कितने नए मंत्रियों को शामिल करने वाले हैं लेकिन पार्टी सूत्रों ने कहा कि नए मंत्रियों में सात निर्दलीय विधायकों में से तीन को शामिल किया जा सकता है।
इन्हीं सात निर्दलीय विधायकों के समर्थन के चलते हूडा ने गत 29 अक्तूबर को विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया था।(भाषा)