माकपा और माओवादी हत्यारे-ममता

कहा- नेपाली माओवादियों को ला रही है माकपा
खानाकुल (पश्चिम बंगाल), बुधवार, 4 नवंबर 2009( 20:15 IST )
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि माकपा माओवादियों को नेपाल से ला रही है और लोगों को आतंकित करने के लिए उन्हें हथियार मुहैया करा रही है। माकपा और माओवादी दोनों ही हत्यारे हैं।
ममता ने यहाँ पार्टी की रैली में कहा कि माकपा माओवादियों को नेपाल से ला रही है और उन्हें हथियार मुहैया करा रही है। माकपा और माओवादी जुड़वाँ भाई की तरह हैं। दोनों ही हत्यारे हैं और दोनों की ही पश्चिम बंगाल की भूमि में कोई जगह नहीं है।
हुगली जिले के गरबाड़ी मठ में यह रैली कड़ी सुरक्षा के बीच हुई और आयोजन स्थल के आसपास बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। रैली से पहले इसी क्षेत्र में काबले मोरे और चम्पाडांगा में तृणमूल कांग्रेस और माकपा समर्थकों के बीच संघर्ष हुआ था।
माकपा और माओवादियों को लोकतंत्र के लिए खतरा करार देते हुए ममता ने लोगों से आह्वान किया कि वे ‘देश को बचाने के लिए’ दोनों को ही नकारें।
रेलमंत्री ने अपना भाषण पूर्ण करने से पहले पार्टी समर्थकों से ‘लाल हटाओ, देश बचाओ’, ‘माओ हटाओ, देश बचाओ’ नारा लगाने को कहा। पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की माँग किए बिना ममता ने कहा कि माकपा चुनावों में शिकस्त मिलने के बाद आतंक फैला रही है। (भाषा)