नई दिल्ली (भाषा) , मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 20:37 IST )
FILE
अभिनेता से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने राम गोपाल वर्मा की नई फिल्म ‘रक्त चरित्र’ में दिवंगत तेलगू नेता एनटी रामाराव की भूमिका निभाने के लिए अपनी अलग पहचान वाली मूँछें मुंडा ली है। शायद यह पहला मौका होगा जब यह अभिनेता बिना मूँछों के बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे।
सिन्हा ने बताया कि जब निर्देशक ने मुझसे कहा कि ऐसा करना इस किरदार के लिए बहुत जरूरी है, तब मैंने भारी मन से यह काम किया।
बिहार के पटना साहिब क्षेत्र से भाजपा सांसद ने इस फिल्म में अपनी भूमिका पर ध्यान देने के लिए राजनीति से एक अंतराल लिया है। लेकिन झारखंड के आगामी विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रचार के कार्य में उतरने के लिए उनकी समय पर इस शूटिंग को पूरा करने की योजना है।
‘कालीचरण’, ‘काला पत्थर’, ‘दोस्ताना’, ‘क्रांति’ और ‘शान’ जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाने वाले सिन्हा इस बहुभाषी फिल्म में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार अभिनेता से राजनेता बने तेलगू देशम पार्टी के पूर्व प्रमुख एनटी रामा राव को पर्दे पर उतारने का है।
उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी चुनौती है और मैं इस किरदार के साथ न्याय करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूँगा।