बेंगलुरु/नई दिल्ली (भाषा), मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 22:34 IST )
कर्नाटक भाजपा में सप्ताह भर से चल रही उठापटक को निपटाने के अंतिम संभावित प्रयास के तहत पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को मंगलवार को तलब किया।
गौरतलब है कि असंतुष्ट येदियुरप्पा को पद से हटाने की माँग कर रहे हैं। येदियुरप्पा ने बताया कि वे बुधवार शाम या गुरुवार सुबह दिल्ली रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि वे पार्टी आलाकमान के किसी भी फैसले का पालन करेंगे।
पार्टी आलाकमान द्वारा तलब किए जाने के बारे में पूछने पर येदियुरप्पा ने कहा कि मैं कल या गुरुवार सुबह दिल्ली जाऊँगा। उन्होंने कहा कि मैंने अभी-अभी (पार्टी के वरिष्ठ नेता) वेंकैया नायडू से बात की है। उन्होंने मुझे दिल्ली में तमाम घटनाक्रमों के बारे में बताया। मैं जाऊँगा और इसके बारे में राष्ट्रीय नेताओं के साथ चर्चा करूँगा।
मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने भरोसा जताया कि संकट का समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सब कुछ साफ हो जाएगा। क्या येदियुरप्पा किसी ‘समझौता फार्मूले’ के लिए तैयार हैं, इस सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इसके बारे में पार्टी आलाकमान से चर्चा करेंगे।
कुछ मंत्रियों को हटाने और अधिकारियों के तबादलों को निरस्त करने संबंधी असंतुष्टों की माँग पर उन्होंने कहा कि वे मीडिया के साथ इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहते।
हैदराबाद और गोवा में डेरा डाले असंतुष्ट विधायकों द्वारा अपने चुनाव क्षेत्रों में बाढ़ को नजरअंदाज करने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सात नवंबर से इन इलाकों का दौरा करेंगे और जनता से पूछेंगे कि उनके लिए क्या कुछ किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर नई दिल्ली में टिके राज्य के पर्यटन मंत्री जनार्दन रेड्डी ने येदियुरप्पा को उनके पद से हटाए जाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के सिलसिले में वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज से मुलाकात की।
रेड्डी ने कहा कि भाजपा और कर्नाटक में पार्टी कार्यकर्ताओं के हित में हम राज्य में एक बहुत बेहतर नेतृत्व चाहते हैं। इस मामले में मेरा जो भी पक्ष है, मैं उसमें बदलाव करने नहीं जा रहा।
अपने भाई जनार्दन रेड्डी के साथ मिलकर येदियुरप्पा हटाओ मुहिम की अगुवाई कर रहे कर्नाटक के राजस्व मंत्री करुणाकर रेड्डी ने मीडिया में आई उन खबरों को झूठ और मीडिया की उपज कि करार दिया, जिसमें पार्टी अध्यक्ष राजनाथसिंह के हवाले से यह कहा गया था कि येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद पर बरकरार रखा जाएगा।