राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में मंगलवार सुबह सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु से उत्तेजित भीड़ ने पथराव किया और कई वाहनों के अलावा एक निजी निर्माण कंपनी के प्लांट में आगजनी की।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और रबर की गोलियाँ तथा आँसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोमती नगर थाना अन्तर्गत मकदूमपुर गाँव में आज सुबह एक निजी निर्माण कंपनी के डंपर की चपेट में आ जाने से तनवीर अहमद की मृत्यु हो गई।
तनवीर की मौत से क्रुद्ध भीड़ ने पहले डंपर सहित आधा दर्जन वाहनों में आग लगा दी और पथराव किया। उसके बाद कंपनी के प्लांट और वहां खड़ी भार उठाने वाली मशीनों में भी आग लगाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार जब उग्र भीड़ को हटाने का प्रयास किया गया तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया, फिर रबर की गोलियाँ चलाई।
इस संबंध में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है और हिंसा पर उतारू अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।