शिलांग (भाषा) , मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 16:51 IST )
मेघालय की सड़कों पर अगर आप गंदगी फैलाते हैं तो ऐसे में आपके सामने काफी विचित्र स्थिति उत्पन्न हो सकती है क्योंकि उसके आस-पास के बच्चों की फौज सीटी बजा कर आपको आपकी गलती का अहसास कराएँगी।
यह एक ऐसी अनोखी पहल है जिसके तहत इस पहाड़ी प्रदेश में पर्यावरण के प्रति लोगों की सोच को बदलने के लिए स्कूली बच्चे सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
इस पहल को ‘सस्टेनेबल एनवायर्नमेंट थ्रू व्हिसिल आर्मी’ :एसईवीए: नाम दिया गया है जो कि पूर्व मुख्य सचिव रंजन चटर्जी के दिमाग की उपज है।
चटर्जी ने बताया कि बच्चों को सीटी से लैस करने का मुख्य उद्देश्य उन्हें पर्यावरण रक्षक के रूप में तैयार करना है। बच्चों के लिए सीटी एक हथियार होगा जो लोगों को पर्यावरण को गंदा करने और कूड़ा करकट फेकने के अलावा धुँआ का उत्सर्जन करने से रोकेगा।