लश्कर के एक आतंकी को मार गिराने के बाद सुर्खियों में आई रुखसाना कौसर को उसके भाई और संबंधी के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के पद पर नियुक्ति दी गई है।
राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत वट्टाली ने सोमवार को बताया रुखसाना एसपीओ पद पर नियुक्त किया गया है। उसने 27 सितंबर को लश्कर के एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया था, जबकि एक को घायल कर दिया था।
रुखसाना, उसके भाई एजाज और उसके संबंधी बकालत हुसैन को हाल में ही एसपीओ पद पर तैनात किया गया है। वे अच्छी तरह काम कर रहे हैं।
वट्टाली ने मीडिया में आई उन खबरों से इनकार किया, जिनमें कहा गया है कि रुखसाना सुरक्षा कारणों से दिल्ली में रहेगी।
वट्टाली ने बताया कि रुखसाना एमएस बिट्टा की अगुआई वाले अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी फ्रंट के एक पुरस्कार समारोह में शिरकत करने के लिए दिल्ली गई थी। पुरस्कार समारोह पहले पुणे में होना था, जो अब दिल्ली में हो रहा है।