अंडमान निकोबार में 7.8 तीव्रता का भूकंप

देश के कई इलाकों में हल्के झटके
पोर्ट ब्लेयर (वार्ता), मंगलवार, 11 अगस्त 2009( 14:22 IST )
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात देश के अलग-अलग हिस्सों में निम्न से उच्च तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालाँकि कहीं से भी किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। सर्वाधिक जोरदार भूकंप अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.8 आँकी गई।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में सोमवार की मध्य रात्रि के बाद 1 बजकर 26 मिनट पर 7.8 तीव्रता का भूकंप आया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस भूकंप का केंद्र 14.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित है। पोर्ट ब्लेयर शहर के पुलिस कंट्रोल रूम के इंचार्ज ने बताया कि भूकंप से अभी जान-माल की क्षति की कोई सूचना नहीं मिली है।
आपदा नियंत्रण केंद्र के अनुसार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए अभी तक भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी नहीं जारी की गई है।
उत्तरी अंडमान के मायाबुन्देर गाँव में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोग भूकंप के बाद सुनामी आने के डर से अपने घरों को छोड़कर भाग रहे हैं। भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र उत्तरी अंडमान ही है।
कोलकाता में हल्के झटके : शहर में आज तड़के भूकंप का एक हल्का झटका महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र अंडमान द्वीप के उत्तर में था। रिएक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई। इससे किसी प्रकार के जानमाल की क्षति की सूचना अभी तक नहीं मिली है।
उड़ीसा में जोरदार झटके : उड़ीसा के विभिन्न स्थानों पर आज भोर में भूकम्प के जोरदार झटके महसूस किए। 7.8 तीव्रता वाले इस जलजले का केन्द्र अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में स्थित था।
मौसम विभाग के मुताबिक इस तीव्र भूकम्प का केन्द्र भुवनेश्वर से 1020 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था। भोर में करीब एक बजकर 26 मिनट पर आया यह भूकम्प 14.1 उत्तरी अक्षांश और 93.0 पूर्वी देशांतर पर था। कुछ सेकंड के लिए आए इस भूकम्प से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
राजधानी भुवनेश्वर के अलावा कटक, पारादीप, जगतसिंहपुर, केन्द्रपाड़ा, पुरी, भद्रक और बालासोर में भूकम्प के तेज झटके महसूस किए गए। अनेक स्थानों पर लोग अपने-अपने घर से बाहर आ गए।
आंध्रप्रदेश में हल्के झटके : आंध्रप्रदेश में विजयवाड़ा जिले के पतमल, मधुरनगर, सिंहनगर, पकयपुरम और वम्बय कॉलोनी इलाके में आज तड़के भूकप का हल्का झटका महसूस किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज तड़के भूकंप का झटका महसूस किया गया, लेकिन अभी तक जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के जानमाल की क्षति की सूचना नहीं मिली है।
राँची में भी भूकंप के झटके : शहर के कुछ इलाकों में भूकंप के झटके रात के एक बजकर 26 मिनट पर महसूस किए गए।
मेजों पर बोतलों को नाचते हुए देखकर और दरवाजों की चरमराहट सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। राज्य में जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।