शनिवार की सुबह हुई तेज बारिश ने मुंबई के जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।
मुंबई महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से सड़क यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा मध्य, हार्बर और पश्चिम रेलवे की उपनगरीय रेल सेवाएँ भी प्रभावित हुईं।
मध्य मुंबई के चूना भट्टी इलाके में एक दीवार गिरने और कुछ घरों को क्षति पहुँचने की भी खबर है। हालाँकि दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई महानगर और इसके उपनगरों में आगामी 24 घंटों में भी तेज वर्षा होगी। शनिवार सुबह 8.30 बजे तक कोलाबा में 36.8 मिमी और सांताक्रूज में 20.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। |