भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में नक्सलवाद गंभीर समस्या है और इस समस्या के समाधान के प्रति सरकार गंभीर नहीं है।
सिंह ने शनिवार को यहाँ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केन्द्र को नक्सलवाद समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समस्या के समाधान के लिए भाजपा हर संभव मदद के लिए तैयार है।
सिंह ने कहा कि नक्सलवाद समस्या का समाधान प्रशासिक स्तर पर ही नहीं बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी होना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि 15 वीं लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा झारखंड में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में क्षेत्रीय पार्टियाँ और वामपंथी पार्टियों के 20 से कम सांसद रह गये हैं।
उन्होंने कहा कि लम्बे अर्से के बाद लोकसभा में यह दृश्य देखने को मिला है। सिंह ने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में गुटबाजी नहीं है।
सिंह ने लिब्राहन आयोग की चर्चा करते हुए कहा कि इसकी रिपोर्ट के अध्ययन करने के बाद ही इस पर कोई प्रतिक्रिया दी जा सकती है। उन्होंने समलैंगिकता के मुद्दे पर कुछ भी कहने से इनकार किया। |