बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर ने कहा है कि फिल्म ‘कमबख्त इश्क’ में ‘पुरुषों से नफरत करने वाली’ लड़की की जो भूमिका मैंने निभाई है, असल में उसके जैसी मैं हूँ नहीं। सिर्फ समानता यह है कि निजी जीवन में और फिल्मी किरदार में मेरा नाम ‘बेबो’ है। फिल्म ‘कमबख्त इश्क’ के रिलीज के मौके पर करीना ने कहा कि मैंने एक नारीवादी की भूमिका निभाई है। इसकी वजह को भी फिल्म में बताया गया है। ईश्वर का शुक्रिया कि इसे गंभीर रूप से नहीं दिखाया गया है।फिल्म में करीना के सुपरमॉडल किरदार का नाम सिमरिता राय है। फिल्म में उन्हें ‘बेबो’ भी कहा गया है और इस नाम से उनका एक नृत्य भी है। करीना ने कहा कि इत्तफाक से फिल्म में मुझे ‘बेबो’ कहकर भी पुकारा गया है।उनके मुताबिक उनके निजी जीवन और फिल्म के बीच बस एक समानता यही है कि दोनों जगह उनका पुकारने वाला नाम ‘बेबो’ है। अभिनेत्री ने कहा कि मुझे ऐसा होना पसंद नहीं है और निश्चित तौर पर मैं पुरुषों से नफरत नहीं करती। मैं अहंकारी नहीं हूँ।फिल्म के प्रचार के लिए यहाँ अपने सहायोगी कलाकार अक्षय कुमार के साथ आईं करीना ने कहा कि फिल्म में मैं एक नारीवादी चरित्र निभा रही हूँ, जबकि अक्षय ने पुरुषवादी की भूमिका निभाई है। गौरतलब है कि यह बॉलीवुड की पहली फिल्म है, जिसमें स्टैलन, डेनिस रिचर्ड्स और रूथ सहित अंतरराष्ट्रीय कलाकारों का एक दल है। यह अक्षय-करीना की सातवीं फिल्म है।करीना ने कहा कि इस फिल्म के वास्तविक स्टार अक्षय हैं। वे मेरे सबसे अच्छे साथी कलाकार हैं। मैं उम्मीद करती हूँ कि कमबख्त इश्क हम दोनों के लिए भाग्यशाली होगी।स्टैलन के साथ काम करने के बारे में उन्होंने बताया कि मैं उस वक्त से ‘रॉकी’ और ‘रैंबो’ को देख रही हूँ जब मैं बच्ची थी। मुझे तो उस वक्त अपनी आँखों पर यकीन ही नहीं हुआ, जब वे मेरे सामने पहली बार आए। |