जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला को मंगलवार को नेशनल कांफ्रेंस का अध्यक्ष चुन लिया गया। डॉ. अब्दुल्ला ने अपने बेटे उमर का स्थान लिया है, जो कांग्रेस से सहयोग से बनी राज्य की गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री हैं।
डॉ. अब्दुल्ला पार्टी के संरक्षक पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन राज्य विधानसभा चुनावों के खंडित जनादेश के बाद उन्होंने घोषणा की थी कि वे निचले स्तर पर पार्टी को मजबूत करेंगे। वे इन चुनावों में पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार घोषित किए गए थे।
अध्यक्ष पद के लिए उनके चुनाव में यहाँ पार्टी महासचिव शेख नाजिर अहमद समेत भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। डॉ. अब्दुल्ला ने घोषणा की है कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए जल्दी ही जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं का चुनाव कराया जाएगा।
उन्होंने कहा श्रीनगर के निचले हिस्से में स्थित मुजाहिद मंजिल को जल्द ही पार्टी गतिविधियों के लिए फिर खोला जाएगा। |