तमिलनाडु के तीन हवाई अड्डों पर मंगलवार शाम तक बम विस्फोट होने की धमकी मिलने के बाद कोयंबटूर हवाई अड्डे पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सूत्रों ने बताया कि रेंज डीआईजी कार्यालय पर मंगलवार तड़के करीब दो बजे किसी व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी कि शाम तक कोयंबटूर, तिरुचिरापल्ली और मदुरै हवाई अड्डों पर बम विस्फोट होंगे।
डीआईजी पी. शिवनंदी ने बताया कि फोन करने वाला अँगरेजी बोल रहा था। कॉलर आईडी में जो नंबर दर्ज हुआ है वह लंदन का है। शिवनंदी ने बताया कि पुलिस ने इस नंबर पर वापस कॉल करने की कई बार कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लगी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस बम खोजी एवं निरोधक दस्ते ने खोजी कुत्तों की मदद से पूरे हवाई अड्डा परिसर की तलाशी ली, लेकिन दोपहर एक बजे तक कोई विस्फोटक नहीं मिला था। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा में प्रवेश करने वाले लोगों और वाहनों की भी सघन तलाशी ली जा रही है। |