पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में औद्योगिक इस्तेमाल के लिए किसानों की जमीन लिए जाने के खिलाफ आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाली तृणमूल कांग्रेस ने नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव में विजय पताका फहराई है।
तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार फिरोजा बीबी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाकपा प्रत्याशी परमानंद भारती को शिकस्त दी। कुल 39551 वोट हासिल करने वाली फिरोजा ने इस जीत को उन लोगों को समर्पित किया है, जो जमीन को लेकर हुई हिंसा में कथित रूप से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा मारे गए थे।
फिरोजा तृणमूल कांग्रेस की अगुवाई वाली भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति की कार्यकर्ता हैं। यह समिति पिछले साल सरकार को औद्योगिक इस्तेमाल के लिए उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण करने से रोकने के लिए गठित की गई थी।
नंदीग्राम सीट भ्रष्टाचार के मामले में नाम उछलने के बाद माकपा विधायक मोहम्मद इलियास द्वारा इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई थी। इस सीट के लिए गत पाँच जनवरी को हुए उपचुनाव में करीब 80 फीसदी मतदान हुआ था। |