उत्तरप्रदेश में जालौन जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम अजीतापुर में गुरुवार को लगभग 75 फीट ऊंचा ताजिया अतिक्रमणकारियों के चलते असंतुलित होकर जलती भट्टी में गिर पड़ा जिससे उसमें आग लगने के कारण ताजियेदारों समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने अपने सम्प्रदाय के अतिक्रमणकारी माजिद चन्देल का चबूतरा तोड़ डाला। घर में रखे सामान को तोड़-फोड़कर सडक पर फेंक दिया और पूरे सामान एवं मकान में आग लगा दी।
जिले में कोटरा, कदौरा एवं अजीतापुर बड़े ताजिये को निकालने की परम्परा काफी पुरानी है। अजीतापुर के ताजियेदारों ने 75 फीट ऊँचा ताजिया बनाया था। तीन क्विंटल से अधिक वजन वाले इस भारी-भरकम ताजिये को उठाने एवं करबला तक ले जाने में सौ से अधिक लोग जुटे थे।
बताया जाता है जैसे ही ताजिया अतिक्रमणकारी मजीद के दरवाजे से निकला, वहाँ मिट्टी का टीला पड़े होने के कारण ताजिया असंतुलित होकर मिठाई की दुकान पर लगी भट्टी पर टूटकर गिर गया, जिसके कारण अजीतापुर गाँव के जमील, हफीज, आशिफ, शफीक तथा मिठाई की दुकान पर खड़े प्रमोद, रामलखन, दुर्गाप्रसाद, लल्ला तथा रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन के हाथ-पाँव फूल गए और उरई मुख्यालय से जिलाधिकारी रिग्जयान सैम्फिल, पुलिस अधीक्षक जीपी कनौजिया, कई थानों की पुलिस, पीएसी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुँचे तथा काफी प्रयास के बाद आक्रोशित ताजियेदारों को शान्त कराने में सफल हो सके। |