मुंबई के आतंकवादी हमलों के दौरान पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी मोहम्मद अजमल कसाब ने मंगलवार को एक बार फिर पाकिस्तान से कानूनी मदद की माँग की।
अजमल ने दूसरी बार कानूनी मदद चाही है और उसे बताया गया है कि पूर्व में उच्चायोग तक पहुँच के अनुरोध के लिए लिखे गए उसके पत्र को पाकिस्तान उच्चायुक्त को सौंप दिया गया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राकेश मारिया ने यहाँ कहा कि हमने उसे बताया है कि पत्र पाकिस्तानी मिशन को भेज दिया गया है और उन्हें वह मिल गया है।
मारिया ने यह भी कहा कि अजमल ने शहर के वकीलों के उसका अदालत में बचाव करने के विभिन्न प्रस्तावों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है। उसने कहा है कि उसकी पहली पसंद पाकिस्तानी उच्चायोग तक पहुँच की रहेगी।
दक्षिण मुंबई के कामा अस्पताल में गोलीबारी में अजमल की भूमिका के लिए उसकी पुलिस हिरासत की अवधि आज 19 जनवरी तक के लिए बढ़ा दी गई। |