भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और पटना के पूर्व जिलाधिकारी डॉ. गौतम गोस्वामी का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे लगभग 42 वर्ष के थे।
गोस्वामी कैंसर रोग से पीड़ित थे और इलाज के लिए उन्हें यहाँ एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। प्रतिष्ठित टाइम मैंगजीन ने कुछ वर्ष पूर्व गोस्वामी को हीरो ऑफ द एशिया के खिताब से नवाजा था।
गोस्वामी 27 जुलाई 1999 को पहली बार पटना के जिलाधिकारी बने थे और छह मार्च 2000 तक वे इस पद पर रहे। बाद में गोस्वामी 3 अप्रैल 2004 को दूसरी बार पटना के जिलाधिकारी बने और 2 जनवरी 2005 तक इस पद पर रहे।
इसी दौरान हुए बाढ़ घोटाले को लेकर उन्हें बाद में निलंबित भी किया गया था, लेकिन पिछले माह ही राज्य सरकार ने उन्हें निलंबन से मुक्त कर दिया था। |