मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के दौरान जीवित पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी मोहम्मद अजमल आमिर कसाब को दक्षिण मुंबई के कामा अस्पताल में हुई गोलीबारी के मामले में मंगलवार को एक मजिस्ट्रेट की अदालत ने 19 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
कसाब 26 नवंबर को गिरफ्तार किए जाने के बाद से ही पुलिस की हिरासत में है। उसे सुरक्षा संबंधी कारणों से अदालत में पेश नहीं किया गया।
अतिरिक्त मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एन. श्रीमंगले और अतिरिक्त सरकारी वकील ईबी धमल अदालत के कुछ कर्मचारियों के साथ पुलिस थाने पहुँचे, जहाँ कसाब को रखा गया है। धमल ने बताया हमने अनुरोध किया कि हमें (पुलिस को) कामा अस्पताल में हुई गोलीबारी के मामले की जाँच करनी है।
उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान कसाब खामोश था। फिलहाल उसके पास कोई वकील भी नहीं है। धमल ने बताया जब मजिस्ट्रेट ने कसाब से पूछा कि क्या उसे पुलिस के खिलाफ कोई शिकायत है तो उसने कहा- नहीं।
कसाब पाकिस्तान के फरीदकोट का निवासी है। वह वर्तमान में तीन अन्य मामलों के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में है। 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकी हमलों के सिलसिले में कसाब के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं।
कसाब के खिलाफ दर्ज मामलों में गिरगाँव चौपाटी पर हुई गोलीबारी का मामला है, जिसमें वह पकड़ा गया था। इसके अलावा रंगभवन सभागार के समीप पुलिस वाहन पर हमले का मामला है, जिसमें संयुक्त पुलिस आयुक्त (एटीएस) हेमंत करकरे सहित तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मारे गए थे और एक मामला मरीन ड्राइव पर वाहन चुराने का है। |