सिक्किम में बर्फ से ढँकी नाथुला सीमा और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों की यात्रा करने वाले देशी पर्यटकों के लिए फोटो पहचान पत्र लाना आवश्यक हो गया है।
सिक्किम की अंतरराष्ट्रीय सीमा चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र नेपाल और भूटान से लगती है। राज्य की राजधानी गंगटोक से करीब 50 किलोमीटर दूर चीन सीमा पर स्थित नाथुला पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है।
राज्य पर्यटन विभाग से अनुमति चाहने वाले देशी पर्यटकों को अब अपना फोटोयुक्त पहचान पत्र रखना आवश्यक बना दिया गया है।
मुंबई हमले के बाद केन्द्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी की गई निगरानी के बीच राज्य पर्यटन विभाग ने नाथुला और सीमा के पास स्थित छांगु क्षील तथा भारत-चीन सीमा पर जाने के रास्ते में पूर्वी जिले में पड़ने वाला बाबा मंदिर देखने वाले देशी पर्यटकों के लिए दस्तावेजी सबूत के तौर पर फोटो पहचान को आवश्यक बना दिया है।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नया नियम एक दिसंबर से लागू हो गया है। उत्तर सिक्किम के लाचेन, लाचुंग और सुदूरवर्ती अन्य क्षेत्रों की यात्रा करने वाले देशी पर्यटकों पर भी यह नियम लागू होगा। उत्तर सिक्किम राज्य का सबसे बडा जिला है और इसकी सीमा चीन से लगती है।
सिक्किम के ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के महासचिव लुकेन्द्र रसैल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि करीब दो देशी पर्यटक प्रतिदिन नाथुला और अन्य स्थानों की यात्रा कर रहे हैं। |