मुंबई में आतंकी हमलों के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के इस्तीफा देने के प्रस्ताव को कांग्रेस आलाकमान द्वारा मंजूरी दिए जाने के एक दिन बाद उन्होंने कहा कि मैंने इस्तीफा देकर लोगों की भावनाओं का सम्मान किया है।देशमुख ने राजभवन में सुबह जमीर से मिले और अपना इस्तीफा सौंपा। राजभवन सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने मुख्यमंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था होने तक पद पर बने रहने का अनुरोध किया। देशमुख ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के विकास के लिए श्रेष्ठ काम किया है और वे हमेशा राज्य की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे।उन्होंने अपने सभी साथियों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मैं पार्टी के लिए काम करता हूँ और मुझे भविष्य की कोई चिंता नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने महाराष्ट्र के लिए बहुत कुछ किया है और मुझ पर कोई कलंक नहीं लगा है। फिल्म निर्देशक रामगोपाल वर्मा को होटल ताज का दौरा करते समय साथ ले जाने की गलती को भी उन्होंने स्वीकार किया। |