उड़ीसा विधानसभा में बुधवार को विपक्षी सदस्यों ने राजस्व मंत्री के सेक्स स्कैंडल में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की माँग की और हंगामा किया, जबकि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पार्टियों से अपने आरोपों की पुष्टि के लिए सबूत देने को कहा। सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित किए जाने के बाद पटनायक ने एक बयान में कहा कि समल चार से सात नवंबर के बीच अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान दो-तीन बार उड़ीसा निवास गए थे, जहाँ एक कमरे में एक महिला ठहरी हुई थी। कमरे की व्यवस्था उन्होंने ही की थी। उस दौरान या उसके बाद कोई अप्रिय घटना नहीं होने का जिक्र करते हुए पटनायक ने कहा कि अगर सदस्यों को आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण है तो उन्हें पेश करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि समल उड़ीसा भवन में ठहरे थे, वहीं पास ही स्थित उड़ीसा निवास में एक अतिरिक्त कमरा उनके ओएसडी के अनुरोध पर संघमित्रा सिंह के लिए आवंटित किया गया था। |