सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने के आरोप में पंजाब पुलिस ने बुधवार को डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह से करीब पाँच घंटे तक पूछताछ की।
भारतीय रिजर्व बटालियन, सीआरपीएफ, हरियाणा, पंजाब एवं चंडीगढ़ पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में डेरा प्रमुख से पुलिस अधीक्षक (अन्वेषण) अजय मलूजा के नेतृत्व में छह सदस्यीय भटिंडा पुलिस ने 12 सवाल पूछे।
इसमें एक सवाल पिछले साल एक समारोह के दौरान सिखों के 10वें गुरु गोविंदसिंह से मिलती-जुलती पोशाक पहनने के संबंध में था। डेरा प्रमुख से पिछले साल उस पोशाक को पहनकर धार्मिक समारोह करने के बारे में भी पूछा गया।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि डेरा प्रमुख से पूछताछ लगभग पूरी हो चुकी है और पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में 15 दिसंबर को रिपोर्ट पेश की जाएगी।
सूत्रों ने कहा कि डेरा प्रमुख ने पुलिस को बताया कि वस्त्र एक शिष्य ने दिया था और यह गुरु गोविंदसिंह के वस्त्र से मिलता-जुलता नहीं था। यह मुगलकाल में पहनी जाने वाली पोशाक के समान थी। |