शिवसेना के एक कार्यकर्ता ने आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के खिलाफ बम्बई उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दाखिल कर 29 सितंबर को मालेगाँव में हुए बम विस्फोट मामले को महाराष्ट्र के सीआईडी विभाग को सौंपने की माँग की है।
जनहित याचिका दाखिल करने वाली शिल्पा देशमुख ने अदालत से साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर को कथित रूप से एटीएस अधिकारियों द्वारा प्रताड़ित करने के मामले की न्यायिक जाँच की माँग की है।
उन्होंने याचिका में कहा है कि एटीएस पक्षपातपूर्ण ढंग से काम कर रही है और आरोपियों के नार्को टेस्ट के लिए अदालत निर्देश रेखा जारी करे। देखमुख ने अदालत से माँग की है कि उपमुख्यमंत्री आरआर पाटिल और एटीएस को विस्फोट से संबंधित बयान देने से मना करे।
यहाँ गुरुवार को उन्होंने बताया कि वे शिवसेना की सक्रिय सदस्य हैं, लेकिन उन्होंने शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे या कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से इस संबंध में कोई बात नहीं की है। जनहित याचिका दाखिल करना मेरा निजी निर्णय था। |