दिल्ली की एक अदालत ने जामिया नगर के उस फ्लैट के केयरटेकर की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए सोमवार को बढ़ा दी, जहाँ हाल में हुए श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों के आरोपी संदिग्ध आतंकवादी एक मुठभेड़ में मारे गए थे।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट प्रवीणसिंह ने अब्दुल रहमान की न्यायिक हिरासत की अवधि 14 दिनों के लिए बढ़ा दी। बटला हाउस के एल-16 फ्लैट के कथित केयरटेकर और आरोपी को आज रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद अदालत में पेश किया गया था।
उत्तरप्रदेश सार्वजनिक निर्माण विभाग में स्टेनोग्राफर पद पर तैनात रहमान को फ्लैट के मालिक मोहसिन निसार की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया था। इसी विभाग में तैनात मोहसिन ने शिकायत की थी कि आरोपी ने दो संदिग्ध आतंकवादियों को फ्लैट किराए पर देते समय उसके फर्जी हस्ताक्षर किए थे।
इससे पहले अदालत ने 24 सितंबर को इस आधार पर रहमान की जमानत याचिका खारिज कर दी थी कि उसके खिलाफ गंभीर आरोप हैं और जाँच अभी प्रारंभिक स्थिति में है। |