-पवन जाखड़ औद्योगिक नगरी की अंधाधुध रफ्तार से भागती जिंदगी में अब हाई प्रोफाइल लोगों को अपनी पत्नियों की चिंता सताने लगी है। पत्नी के चरित्र पर शक के चलते कुछ उद्योगपति अब प्राईवेट डिटेक्टिव का सहारा ले रहे हैं। एक इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के संचालक का कहना है कि सिर्फ पूँजीपति ही फिलहाल इस काम के लिए जाँच एजेंसी का सहारा ले रहे हैं, क्योंकि इसका खर्चा काफी अधिक आता है।
दूसरी तरफ मनोचिकित्सक का कहना है कि पत्नी व परिवार को समय न देने और सिर्फ पैसे के पीछे भागने वाले लोगों को इस प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के पूँजीपतियों को अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर चिंता सताने लगी है। वे अपनी पत्नी के चरित्र के बारे में पूरी जानकारी लेने के लिए अब इन्वेस्टिगेशन कंपनी की मदद लेने लगे हैं।
हिन्दुस्तान इन्वेस्टिगेशन एंड सिक्योरिटी सर्विसेज के संचालक विवेक दत्ता ने बताया कि शहर के पूँजीपति अब अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर शक करने लगे हैं। इसी के चलते अब वह अपने शक को दूर करने के लिए इन्वेस्टिगेशन एजेंसी का सहारा ले रहे हैं।
उनकी कंपनी को भी इस प्रकार के ऑर्डर मिलते हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल पूँजीपति ही इन्वेस्टिगेशन एजेंसी का सहारा अपनी पत्नियों के चरित्र के बारे में जानकारी जुटाने के लिए कर रहे हैं, क्योंकि इस जाँच की कीमत काफी ज्यादा है। एक महिला की पूरी इन्वेस्टिगेशन कर उसकी मुकम्मल रिपोर्ट तैयार कर सौंपने के लिए कंपनी ढाई लाख रुपए चार्ज करती है।
इस कारण आम आदमी इन्वेस्टिगेशन कंपनी के पास फटकता भी नहीं है। वे अब तक ऐसे एक दर्जन मामले हेंडल कर चुके हैं और जो भी उद्यमी अपनी पत्नी के चरित्र की जाँच करवाने आया। उनमें से अधिकांश की पत्नियाँ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स में लिप्त पाई गईं।
मनोचिकित्सक डॉक्टर अजय भार्गव ने बताया कि ज्यादातर पूँजीपति पैसा कमाने की होड़ में अपने परिवार को भूल चुके हैं। जब घर में मौजूद महिला को पूरा समय नहीं मिलता, तो वह दूसरे पुरुष की तरफ आकर्षित होना शुरू हो जाती है। जब किसी की पत्नी उसे पूरा समय नहीं देती, तो वह भी किसी अन्य महिला की तरफ आकर्षित होने लगता है।
ऐसा नहीं है कि यह समस्या सिर्फ पूँजीपतियों के बीच ही है। मध्यमवर्ग और स्लम क्षेत्र में रहने वाले लोग भी आज पैसों के पीछे भाग रहे हैं और परिवार को समय नहीं दे पा रहे हैं। इसके चलते इन घरों की महिलाओं और पुरुषों के भी एक्सट्रा मैरिटल अफेयर्स होते हैं, लेकिन पैसों की कमी के चलते यह लोग प्राइवेट डिटेक्टिव की सेवाएँ नहीं ले पाते। सब कुछ जानने के बाद भी यह एक अनचाहा समझौता कर जिंदगी को जीने लगते हैं। |