मुंबई के उपनगरीय क्षेत्र के एक नाइट क्लब में रेव पार्टी के दौरान छापे में हिन्दी फिल्मों के अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सहित 231 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि नशीली दवा बेचने के आरोप में आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में कपूर का बेटा सिद्धांत भी शामिल है। उसके बारे में कहा जा रहा है कि वह क्लब में डिस्क जॉकी के रूप में काम कर रहा था। पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों को बाद में बांड पर रिहा कर दिया। उनकी मेडिकल जाँच की रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
पुलिस के अनुसार नशीली दवा बेचने के आरोप में आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक महिला और एक इसराइली नागरिक भी हैं। पुलिस के अनुसार 'बाम्बे 72 डिग्री ईस्ट' में पार्टी के आयोजक को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक लाख 56 हजार रुपए बरामद हुए हैं। सिद्धांत निर्दोष है : अपने बेटे के शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर कपूर ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि सिद्धांत निर्दोष है। मेरा परिवार बहुत परंपरावादी है। मेरे परिवार में कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत नहीं करेगा। हमें कोई तनाव नहीं है।
|