मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त केएल प्रसाद पर निशाना साधने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने अब पूर्व आईपीएस अधिकारी जूलियो रिबेरो पर निशाना साधा है। प्रसाद ने कहा था कि मुंबई किसी व्यक्ति की जागीर नहीं है।
एक मराठी अखबार में प्रकाशित राज द्वारा रिबेरो को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि हमारे अभिमान और आत्मसम्मान को चोट नहीं पहुँचाएँ। मुंबई आपके भी बाप की नहीं है।
प्रसाद के खिलाफ राज के अभियान शुरू करने के कुछ ही समय बाद रिबेरो ने कहा था कि कैसे कोई व्यक्ति जो अपने चाचा की जगह लेना चाहता है वह एक शहर को बंधक बना सकता है। क्या हिंसा और तबाही को रोकना राज्य का कर्तव्य नहीं है।
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त ने पूछा कि क्या यह पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है कि वह उसे अपने कानून जारी करने और इसे शरारती तत्वों से अमल में लाने से रोके। महत्वपूर्ण बात यह है कि राज्य प्रशासन इस शहर को चलाती है या यह एमएनएस है, जो कानून बनाती है और शासन चलाती है। |