मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक > नैनो के लिए पिघली ममता
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
नैनो के लिए पिघली ममता
एक पखवाड़े से भी ज्यादा वक्त तक कठोर रही ममता नैनो के लिए आखिरकार रविवार को पिघल गई। राज्यपाल गोपालकृष्ण गाँधी और मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के साथ दौ दौर में हुई बैठक के बाद तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी धरना खत्म करने पर राजी हो गईं। इस दौरान एक समिति गठित करने पर भी सहमति बनी, जो सप्ताहभर में विवाद के दूसरे बिंदुओं का समाधान पेश करेगी।

गौरतलब है कि ममता टाटा मोटर्स की सिंगूर स्थित फैक्टरी के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित करने के खिलाफ थीं। राजभवन में हुई उक्त बातचीत में निर्णय लिया गया कि सरकार उन किसानों को जमीन मुहैया कराएगी, जिन्हें मुआवजा नहीं मिला है।

जब तक समिति अपनी रिपोर्ट नहीं सौंप देती, वेंडुर पार्क पर हफ्तेभर कोई काम नहीं होगा। पश्चिम बंगाल सरकार और ममता बनर्जी ने सिंगूर को लेकर एक करार पर भी दस्तखत किए। इसके मुताबिक ममता नैनो फैक्टरी के बाहर किसी तरह का धरना प्रदर्शन नहीं करेंगी। किसानों को जमीन देने का फैसला भी संयुक्त समिति की देखरेख में ही किया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री भट्टाचार्य और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता में आमने-सामने की मुलाकात राज्यपाल गोपालकृष्ण गाँधी की उपस्थिति में हुई। सिंगूर मामले में दोनों नेताओं की यह पहली सीधी मुलाकात थी।

सिंगूर विवाद को सुलझाने के लिए राज्य सरकार तथा आंदोलनरत तृणमूल कांग्रेस के बीच बैठक की अध्यक्षता गाँधी ही कर रहे हैं। बुद्धदेव तथा ममता की आज की बैठक से पहले वे उनसे अलग-अलग मिले।

बुद्धदेव वाममोर्चा की बैठक में थे। बैठक बीच में छोड़कर वे राज्यपाल मिलने पहुँचे। लगभग आधे घंटे की बैठक के बाद उन्होंने इस बारे में वाममोर्चा को जानकारी दी। इसी के ठीक बाद ममता बनर्जी को राजभवन ले जाया गया। जब वे राजभवन में थीं तो मुख्यमंत्री भट्टाचार्य भी वहाँ पहुँचे और राज्यपाल की उपस्थिति में दोनों की मुलाकात हुई। ममता की राज्यपाल से मुलाकात से पहले तृणमूल कांग्रेस नेता पार्थ चटर्जी ने भी गाँधी से मुलाकात की।
और भी
समयपूर्व बर्फबारी से सर्द हुआ कश्मीर
करार का देशव्यापी विरोध करेगी भाजपा
कश्मीर में वक्त पर हों चुनाव-भाजपा
व‍िदर्भ की ‍विधवाओं को मधुर की मदद
भाजपा को वोट नहीं देगे गुर्जर-विधुड़ी
'मृत' महिला पहुँच गई घर!