समयपूर्व बर्फबारी और कश्मीर घाटी के अनेक स्थानों पर लगातार बारिश के बाद रविवार को यहाँ पारे में गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद अधिकारी संभावित बाढ़ को लेकर सतर्क हो गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्रीनगर-तंगधार मार्ग के आसपास सदना दर्रे और उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्काई रिसॉर्ट के पास एलिपथरी में तथा दक्षिण कश्मीर में पवित्र अमरनाथ गुफा के पास करीब दो से पाँच इंच बर्फबारी हुई।
हालाँकि कुपवाड़ा जिले के सीमांत कस्बों तंगधार और करनाह की ओर जाते मार्ग पर यातायात जारी रहा। यह मार्ग सदना दर्रे में भारी बर्फबारी के बाद सर्दियों के छह महीने के लिए सामान्यतः बंद रहता है।
घाटी में शुक्रवार सुबह से बर्फबारी होना शुरू हुई और पिछले तीन दिनों से बारिश लगातार हो रही है। इससे दिन का तापमान आठ डिग्री तक कम हो गया।
शुक्रवार से पहले श्रीनगर में दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास था, जो 22.4 डिग्री तक कम हो गया। इसके बाद लोगों को गर्म कपड़े और रूम हीटर निकालने पड़े हैं।
श्रीनगर में और घाटी के अनेक स्थानों पर लगातार बारिश हो रही है। हालाँकि अभी बाढ़ का कोई खतरा नहीं है फिर भी सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने एहतियात के तौर पर अनेक कदम उठाए हैं।
|